ईटानगर , मार्च 16 -- अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में सोमवार शाम यहां नीति विहार में भूस्खलन के कारण एक दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान चोकी तासर, गोडक राजा, गोडक ताबिन और रतन बर्मन के रूप में हुई है।
नीति विहार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी ताखे तासो के अनुसार, यह घटना शाम करीब चार बजे हुई जब सात मजदूर उस जगह पर काम कर रहे थे।
घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), ईटानगर राजधानी क्षेत्र जिला प्रशासन और पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
प्रभारी अधिकारी ने बताया कि घायल हुए तीनों मजदूरों को इलाज के लिए तुरंत हीमा अस्पताल ले जाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित