रुद्रप्रयाग 01नवंबर (वार्ता) ईगास पर्व पर रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने गढ़वाली सम्बोधन से सभी का दिल जीता।

उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोक पर्व ईगास पर रविवार गुलाबराय क्रीड़ा मैदान में जिला प्रशासन के तत्वाधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड संस्कृति संगम ईगास पर्व है। आज अपनी पहाड़ी संस्कृति एवं लोक परंपरा को याद करने का दिन आ गया है। यू पर्व अपनु सामूहिक एकता, प्यार, अपनु संस्कार अपनी पहचान दी है। मैं बाबा केदार से प्रार्थना करदू कि बाबा सबू तै सुखी राजी खुशी रखया। उन्होंने सभी 'दाना स्याणा', दीदी, भुली, मां, बैणी' को ईगास पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में झुमैलो, जागर, मंडाण सहित विभिन्न लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः उत्तराखंडी रंग में रंग दिया। मंच पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री रुद्रप्रयाग एवं पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास, चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात उन्होंने पारंपरिक रूप से भैला जलाकर पर्व का शुभारंभ किया गया। मंत्री बहुगुणा ने स्वयं भैला नृत्य में सहभागिता कर स्थानीय जनमानस के साथ ईगास पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित