चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ईएसआई हेल्थ केयर सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने पानीपत के ईएसआई अस्पताल से जुड़े मामलों पर गंभीर चिंता जतायी। उन्होंने निर्देश दिए कि छह निजी अस्पतालों को तत्काल डी-पैनल करने की कार्रवाई की जाये। विभाग द्वारा इन अस्पतालों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि इन अस्पतालों ने वर्ष 2020-21 से 2023-24 के दौरान अत्यधिक रेफरल किये और रेफरल प्रपत्रों पर चिकित्सकों के हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पायी गयी। इस मामले में संलिप्त पानीपत ईएसआई अस्पताल के तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि पांच चिकित्सा अधीक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिये। साथ ही प्रदेशभर में ईएसआई के पैनल पर शामिल अन्य 133 निजी अस्पतालों के रिकॉर्ड की भी जांच कराने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता का समय रहते पता लगाया जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पानीपत ईएसआई अस्पताल की क्षमता 75 से बढ़ाकर 100 बेड करने और ऑपरेशन थिएटर के विस्तार के निर्देश दिये। इसके अलावा जगाधरी ईएसआई अस्पताल को 80 से 100 बेड तथा हिसार ईएसआई डिस्पेंसरी को 12 से बढ़ाकर 50 बेड करने को कहा गया। सभी अस्पतालों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गये।
मुख्यमंत्री ने बावल और बहादुरगढ़ में निर्माणाधीन 100-100 बेड के ईएसआई अस्पतालों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये, ताकि श्रमिकों और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि ईएसआई हेल्थ केयर में डॉक्टरों और पैरा-मेडिकल स्टाफ की कमी नहीं रहने दी जाएगी और आवश्यकतानुसार भर्ती प्रक्रिया में तेजी लायी जाएगी। सरकार का उद्देश्य पारदर्शी, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित