श्रीनगर , फरवरी 07 -- पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती बम धमाके में 31 लोगों की मौत के बाद कश्मीर के कई शिया-बहुल इलाकों में शुक्रवार रात विरोध प्रदर्शन भड़क उठे।
अधिकारियों ने बताया कि बारामूला के चैनाबल पट्टन, श्रीनगर के इमामबाड़ा ज़ादीबल एवं हरवान और बांदीपोरा के इंदरकोट-सुंबल में विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाते हुए नमाज़ियों पर हुए हमले की निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ितों के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए सांप्रदायिक हिंसा की निंदा की। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और देर रात प्रदर्शनकारी अपने-अपने घर लौट गये।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुम्मे की नमाज़ के दौरान एक मस्जिद खदीजतुल कुबरा में विस्फोट से कम से कम 31 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 169 अन्य घायल हो गये। अधिकारियों के अनुसार मरने वालों में इस्लामाबाद पुलिस महानिरीक्षक के एक चचेरे भाई भी शामिल हैं, जिनका नाम हसन है। यह धमाका तरलाई इलाके में इमामबाड़ा के द्वार पर हुआ, जब नमाज़ी नमाज के लिए अंदर जा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित