इस्तांबुल , अप्रैल 07 -- तुर्की के इस्तांबुल शहर में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी है, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गये।

यह घटना लेवेंट क्षेत्र स्थित उच्च सुरक्षा वाले दूतावास के निकट हुई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में इजरायली कर्मचारियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने बताया कि पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक हमलावर मौके पर मारा गया, जबकि दो अन्य को 'काबू' कर लिया गया।

तुर्की के गृह मंत्री मुस्तफा सिफसी ने कहा कि हमलावर इज़मित से किराये की गाड़ी में इस्तांबुल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि तीनों हमलावरों की पहचान कर ली गयी है और उनमें से एक का संबंध एक धार्मिक उग्रवादी संगठन से है, जबकि अन्य में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

घटना दोपहर के समय ब्यूयूकदेरे स्ट्रीट पर हुई, जिसके बाद पुलिस और चिकित्सा दलों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया।

इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों की टीम तैनात कर विस्तृत जांच की जा रही है।

तुर्की और इजरायल के बीच संबंध गाजा युद्ध के बाद से तनावपूर्ण बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित