श्रीनगर , मई 01 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि वह दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की उर्दू भाषा पर बोलने वाले वीडियो की पूरी जिम्मेदारी लेती हैं और वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने 'एक्स' पर अपने पोस्ट में कहा , "जिन व्यक्तियों ने इस वीडियो को साझा किया था, उन्हें साइबर पुलिस कश्मीर तलब कर रही है। मैंने हाल ही में उर्दू पर जो वीडियो ट्वीट किया था, उसकी मैं पूरी जिम्मेदारी लेती हूं। मेरे संज्ञान में आया है कि इसे साझा करने वाले अन्य लोगों को तलब किया जा रहा है। मैं पुलिस से आग्रह करती हूं कि ऐसा न करें और इसके बजाय उनके पास जो भी जरूरी सवाल हों, वे मुझसे पूछें। मैं कानून का पालन करने वाली नागरिक हूं और पूरी तरह से सहयोग करूंगी।"यह घटनाक्रम दिवंगत गिलानी का वीडियो प्रसारित करने के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के दो दिन बाद सामने आया है। अधिकारियों ने कहा कि इस वीडियो की सामग्री अलगाववादी विचारधारा को बढ़ावा देती है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में ऐसे तत्व शामिल थे, जो प्रतिबंधित तहरीक-ए-हुर्रियत की 'गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देते और गौरवान्वित करते' थे, जिसका नेतृत्व कभी गिलानी करते थे। इसके अलावा इसमें कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने और जाति, रंग और भाषा के आधार पर नफरत और दुश्मनी भड़काने की कोशिश की गयी थी।
सुश्री इल्तिजा ने बुधवार को साझा किये इस वीडियो में उर्दू की अहमियत पर गिलानी बात करते दिख रहे थे। इसे पोस्ट करते समय उन्होंने कहा था कि वह उनकी विचारधारा से सहमत नहीं हो सकतीं, लेकिन उर्दू पर उनके विचार 'काबिले गौर' लगे।
इससे पहले इसी सप्ताह सुश्री इल्तिजा ने राजस्व सेवा भर्ती से उर्दू को अनिवार्य भाषा के रूप में हटाने के प्रस्तावित कदम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित