नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने सोमवार को कहा कि भाजपा का इतिहास त्याग, तपस्या और संघर्ष से भरा हुआ है तथा इसके करोड़ों समर्पित कार्यकर्ता बिना किसी स्वार्थ के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हैं।
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा की ओर से प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान श्री सिंह ने कहा कि आज भाजपा के उन सभी 14 करोड़ कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का पल है, क्योंकि वे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कच्छ से कामरूप तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक के हर एक गांव में भाजपा कार्यकर्ता हैं और आज अपनी पार्टी का स्थापना दिवस सेवा और समर्पण के उद्देश्य के साथ मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके करोड़ों समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हैं। स्थापना दिवस के इस पावन अवसर पर सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि वे राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में और अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ योगदान देंगे।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के ध्वज को फहराया और साथ ही एक- दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर सांसद कमलजीत सहरावत, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णु मित्तल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके साथ ही इस अवसर पर श्रीमती योगिता सिंह, श्री प्रवीण शंकर कपूर, श्री सुमित भसीन, सरदार इम्प्रित सिंह बख्शी, श्री पंकज जैन, श्रीमती सारिका जैन, श्री नरेश एरोन, श्री विक्रम मित्तल, श्री बृजेश राय, श्री अमित गुप्ता सहित पार्टी के तमाम नेता मौजूद थे।
प्रदेश कार्यालय के साथ ही आज पार्टी के सभी जिला कार्यालयों में भी पार्टी की स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किये गये। आज प्रदेश कार्यालय में स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारीइस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा, "जनसंघ से जो यात्रा प्रारंभ हुई उस विचार के साथ पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे तपस्वियों ने पार्टी की सेवा और विचारधारा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और उसी का परिणाम है कि श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में हमारी सरकार होने के साथ-साथ 20 राज्यों में एनडीए की सरकार है।"उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यह अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण इस मुकाम तक पहुँची है। उन्होंने कहा कि पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाएं।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" केवल नारा नहीं बल्कि एक संकल्प है, जिसे पार्टी का हर कार्यकर्ता जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती गुप्ता ने कहा, "भाजपा ने एक लंबा सफर तय किया है और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ओतप्रोत भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रहित में लगातार काम कर रहे हैं और मैं उन्हें बधाई देती हूं।" उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का हर कार्यकर्ता सिर्फ इसलिए कार्य कर रहा है ताकि देश विश्वगुरु बने और देश के हर नागरिक को सम्मान मिले जिसका वह असली हकदार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और देश की सेवा में जुटे रहते हैं। जहां अन्य पार्टियां सत्ता के लिए राजनीति करती हैं, वहीं भाजपा सेवा और सुशासन के सिद्धांतों पर चलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित