इटावा , अप्रैल 15 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में पार्टी की सरकार हर हाल में बनेगी।

श्री शिवपाल सिंह यादव अपने गृह जिले इटावा के पृथ्वीपुर गांव में ब्राह्मण महासभा के सम्मेलन में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियां उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा के चुनाव में सपा की सरकार को बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगी।

सपा नेता ने कहा है कि देश प्रदेश के हालत भाजपा के सत्ता में होने के कारण बेहद खराब हो गए है। यह बात हर कोई देख और समझ बहुत अच्छे से रहा है।

श्री यादव ने कहा कि सपा को हर वर्ग का समर्थन हासिल हो रहा है। ब्राह्मण वर्ग समाजवादी पार्टी के साथ में बड़ी तादात में आकर के खड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी इस समय चरम पर है। हर के किसान परेशान बना हुआ है। किसानो की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है । पहले आलू किसान ओर अब गेहूं किसान के सामने बड़ा संकट खड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता धोखे की राजनीति करते है और धोखा देना उनकी फितरत में शामिल हो गया है।

उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह से खराब हो गई है यह भाजपा की बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था का सबसे बड़ा नमूना कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि हर और लूट हत्या और डकैती आम बात हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित