इटावा , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना रेलवे स्टेशन के पास मुरी एक्सप्रेस से गिरकर दो रेल यात्रियों की मौत हो गई। इनमें से एक युवक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे की पहचान के प्रयास जारी हैं।

भरथना के पुलिस उपाधीक्षक आर.डी. मौर्य ने शनिवार को बताया कि दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की डाउन लाइन पर चल रही सुपरफास्ट मुरी एक्सप्रेस से गिरकर दो युवकों की मौत हो गई। घटना भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी ओर गणेश राइस मिल के सामने पोल संख्या 1136/10 के पास हुई।

उन्होंने बताया कि डाउन गाड़ी संख्या 18310 सुपरफास्ट मुरी एक्सप्रेस दोपहर करीब 1:38 बजे भरथना स्टेशन से गुजरी थी। इसी दौरान जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े दोनों युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे चलती ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। कोच के पहियों में उलझकर दोनों करीब 30 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रही टीएमटी मशीन के चालक ने अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतकों में एक युवक की पहचान सोहेल (22) निवासी अमौली ठकुराना थाना रूरा, कानपुर देहात के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

मृतक के भाई साहिल ने बताया कि वह अहमदाबाद में फल बेचने का काम करता है, जबकि उसका भाई सोहेल गुजरात के राजकोट में अमूल फैक्ट्री में कार्य करता था। दोनों भाई ईद के त्योहार और बीमार चल रही मां नाजिमा से मिलने के लिए गुजरात से ट्रेन से आगरा पहुंचे और वहां से टूंडला होकर मुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे।

साहिल के अनुसार ट्रेन जब इटावा से चलकर भरथना के पास पहुंची तो अचानक झटका लगने से दरवाजे पर खड़े सोहेल और एक अन्य युवक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। उसने भाई को पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

झींझक स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद साहिल निजी वाहन से घटना स्थल पर पहुंचा। सूचना मिलने पर मृतक की बुआ रहीसा सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जीआरपी उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि एक युवक की पहचान सोहेल के रूप में हो गई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान के लिए मौके से मिले मोबाइल के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित