इटावा , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए 58504 आवेदन प्राप्त हुए हैं। नाम में संशोधन के लिए 14832 और नाम हटाने के लिए 1645 आवेदन मिले हैं। सबसे ज्यादा आवेदन इटावा सदर विधानसभा क्षेत्र से आए हैं। जिलाधिकारी (डीएम) ने बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के सहयोग से त्रुटियों को सुधारने की बात कही।

इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बुधवार को बताया कि तार्किक विसंगति के कारण नो मैपिंग में प्रदर्शित मतदाताओं की सूची बीएलओ के पास उपलब्ध है। नौ मार्च तक निस्तारित मामलों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध है। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में डीएम ने कहा कि आम मतदाता के देखने के लिए यह सूची पंचायत भवनों मतदान केन्द्रों और वार्डों में प्रदर्शित की गयी है।

उन्होंने बताया कि इस सूची में तार्किक विसंगित का कारण भी दर्ज किया गया है। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के एसआईआर के दौरान 23 फरबरी से 9 मार्च तक की अवधि में निस्तारण किये गये फार्मों की सूची को जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित