गइटावा , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के चकरनगर में दबंग प्रधान और उसके साथी द्वारा शराब के नशे में सफाईकर्मी की पीट-पीट कर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। गंभीर रुप से घायल सफाईकर्मी ने वारदात के तीसरे दिन उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस उपाधीक्षक अविनाश सिंह ने सोमवार को बताया कि सफाई कर्मी श्याम बाबू को गांव के प्रधान और उसके साथी ने बुरी तरह से लाठी डंडों से पीटा है जिससे उसकी मौत हो गई। इस सिलसिले में प्रधान और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार है। जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
सूत्रों के अनुसार आठ जनवरी की रात दबंग प्रधान और उसका साथी सफाई कर्मी श्याम बाबू के घर के बाहर आया और भद्दी भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया। सफाई कर्मी बाहर निकाला तो उसे दबंग प्रधान और उसके साथी ने बुरी तरह से मारना पीटना शुरू कर दिया जिससे सफाई कर्मी मरणासन्न हालत में जा पहुंचा। सफाई कर्मी श्याम बाब् को उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया जहां बीती देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
स्थानीय थाना पुलिस ने सफाई कर्मी के बेटे राज की शिकायत के आधार पर दबंग प्रधान फूल सिंह और उसके साथी टुंडे के खिलाफ चकरनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 50 साल के श्याम बाबू बाल्मिकी को आठ जनवरी की रात करीब 11 बजे अपने घर पर सो रहा था। तभी गांव के प्रधान फूल सिंह दोहरे और एक अन्य नामजद टुंडे मृतक के घर के सामने खड़े होकर भद्दी भद्दी गालियां दे रहे थे, तभी श्याम बाबू घर से निकलकर गाली न बकने को कहा जिस पर दोनों आरोपियों ने लात घुसो से बुरी तरह जमीन पर गिराकर मारपीट की, आनन फानन में घायल अवस्था में इलाज के लिए सैफई ले जाया गया जहां तीन दिन चले इलाज के बाद श्याम बाबू की मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित