इटावा , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में इकदिल स्टेशन के पास आम्रपाली एक्सप्रेस से गिरकर मेडिकल कर्मी की मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय नारायण राय ने शनिवार को बताया कि रेलवे कंट्रोल से बीती रात 10 बजकर 55 मिनट पर सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई। रात करीब डेढ़ बजे पंचशील चौकी इंचार्ज नियाज़ अहमद मौके पर पहुंचे। सूचना पर मृतक का दोस्त आदर्श भी मौके पर पहुंच गया। मृतक की पहचान गुलशन वर्मा (21) पुत्र शमशेर वर्मा निवासी मधवापुर, थाना राम नगर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई। वह बाराबंकी से पानीपत जा रहा था और जनरल कोच में यात्रा कर रहा था।

बताया गया कि वह गेट पर खड़े होकर सफर कर रहा था। इटावा स्टेशन आने पर यात्रियों के उतरने के लिए उसने गेट खोला, तभी अचानक उसका मोबाइल नीचे गिर गया। मोबाइल उठाने के प्रयास में वह चलती ट्रेन से कूद गया। ट्रेन करीब 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी। मुंह के बल गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंची, बाद में स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 1400 रुपये नगद, मोबाइल, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुए। दिल्ली तक का टिकट होने की जानकारी मिली, हालांकि यात्रा टिकट मौके पर नहीं मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित