इटावा , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के चकरनगर क्षेत्र के कायंछी गांव में आजादी के बाद पहली बार सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि लंबे समय से इस दुर्गम गांव को सड़क से जोड़ने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब लोक निर्माण विभाग से अनुमति मिलने के बाद गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है।
कायंछी गांव मुख्य सड़क से करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित है और अब तक यहां पहुंचने के लिए केवल कच्चा रास्ता ही उपलब्ध था, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क न होने के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी असर पड़ रहा था और पलायन बढ़ रहा था।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि सड़क निर्माण के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है और प्रथम किस्त के रूप में 19 लाख रुपये जारी किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
इस परियोजना के लिए राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी से संबंधित एनओसी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
स्थानीय विधायक राघवेंद्र कुमार गौतम ने सड़क निर्माण की मंजूरी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह गांव लंबे समय से केवल सड़क की मांग कर रहा था, जो अब पूरी होने जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से गांव में विकास की नई राह खुलेगी, बच्चों की पढ़ाई में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित