इटावा , फरवरी 04 -- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अपने गृह जिले इटावा में बीएलओ की पिटाई से गुस्साए जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मारपीट की घटना करने वाले भाजपाई के खिलाफ कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो वह धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष ध्रुव कठेरिया और उनके समर्थकों ने चौबिया में बीएलओ अश्विनी कुमार के साथ मारपीट करने के साथ अपमानजनक व्यवहार किया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल भाजपा मंडल अध्यक्ष और उसके समर्थकों की पिटाई के शिकार चौबिया के बीएलओ अश्वनी कुमार के साथ इटावा के डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से उनके ऑफिस में मिलने को पहुंचे थे।
बुधवार को डीएम और एसएसपी के साथ हुई लंबी बातचीत के बाद शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत में इटावा के चुनाव अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फॉर्म 7 के नाम पर बीएलओ के साथ मारपीट की घटना को भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी कार्य करेंगे तो वह अपने पदाधिकारी के साथ में धरने पर बैठेंगे लेकिन डीएम ने न्याय का भरोसा दिया है इसलिए फिलहाल में धरने पर नहीं बैठ रहे हैं । डीएम ने न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोग बीएलओ के साथ मारपीट और धमकी दे रहे हैं और फॉर्म 7 के जरिए अल्पसंख्यक समाज और पीडीए समाज के वोट कटवाए जा रहे हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने जिलाधिकारी और एसएसपी को बताया कि भाजपा से जुड़े लोग बीएलओ और बीएलए को लगातार धमका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतें लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश हैं और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि फॉर्म 7 का गलत इस्तेमाल कर सही और पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटवाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खास तौर पर अल्पसंख्यक समाज और पीडीए समाज को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि चुनाव में लाभ उठाया जा सके। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वह धरने पर बैठने का मन बनाकर आए थे, लेकिन प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर आगे भी बीएलओ, बीएलए या किसी को धमकाया गया और प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो वह वहीं धरना देंगे।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जिन लोगों के पास गिनती के वोट हैं, वही इस तरह की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हुए जिले के छोटे चुनाव का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि उसका नतीजा क्या रहा। उन्होंने कहा कि पहले ऐसी घटनाओं की जानकारी सामने आती थी, अब जानबूझकर उन्हें छुपाया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष ध्रुव कठेरिया और उनके समर्थकों की ओर से की गई पिटाई के शिकार बीएलओ अश्विनी कुमार ने बताया कि उनकी बाइक को रोक करके उनको जूते से पीटा गया है, जिसकी शिकायत उन्होंने चुनाव से जुड़े हुए सभी उच्च अधिकारियों को दे दी है अब डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित