इटावा , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में राजकीय रेलवे पुलिस ने नंदनकानन एक्सप्रेस से चोरी गए 10 माह के मासूम बच्चे इब्राहिम को बरामद कर उसे बेचने ओर खरीदने वाले दंपत्ति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आगरा राजकीय रेलवे पुलिस के एसपी अनिल कुमार झा ने बुधवार को इटावा में एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
श्री झा ने बताया कि 10 माह के मासूम बच्चे को बरामद करने के लिए पुलिस ने कड़ी मेहनत की है और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर गहन जांच की है। मासूम बच्चे को बरामद करने वाली पुलिस टीम को 25000 रुपए का इनाम दिया गया है।
इस बच्चे को चोरी कर बेचने के मामले में बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके के रहने वाले सोनू सिंह और बच्चे को खरीदने के मामले में गौतमबुद्ध नगर के दादरी के 24 फुटा रोड तुलसी बिहार के रहने वाले अशोक कुमार और उसकी पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित