बेरुत , मई 04 -- हिज्बुल्ला प्रमुख नईम कासिम ने इज़रायल के साथ मौजूदा युद्धविराम को खारिज करते हुए कहा है कि युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है।
श्री कासिम ने एक लिखित बयान में कहा, "लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं है, बल्कि इज़रायली-अमेरिकी आक्रामकता लगातार जारी है।" उन्होंने संकल्प लिया कि उनका संगठन 'धैर्य बनाए रखेगा' और इज़रायल के खिलाफ प्रतिरोध जारी रखेगा।
हिज्बुल्ला प्रमुख ने तर्क दिया कि इज़रायल ने 'समझौते का एक भी कदम लागू नहीं किया है। उसने 10,000 से अधिक बार इसका उल्लंघन किया है, जिसमें 500 नागरिक मारे गए, सैकड़ों घायल हुए और हजारों घर तथा आजीविका नष्ट हो गई।'दूसरी ओर, इज़रायल का कहना है कि उसकी कार्रवाई रक्षात्मक है और वह हिज्बुल्ला के ठिकानों को निशाना बना रहा है ताकि भविष्य में होने वाले हमलों को रोका जा सके।
इज़रायली सेना ने यह भी कहा है कि जब तक हिज्बुल्ला का खतरा खत्म नहीं हो जाता, वह दक्षिण लेबनान में एक 'सुरक्षा क्षेत्र' बनाए रखेगी और कुछ इलाकों में निवासियों की वापसी पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
श्री कासिम ने इज़रायल के इस रुख को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने इज़रायल पर बलपूर्वक लेबनानी क्षेत्र पर नियंत्रण करने का आरोप लगाते हुए कहा, "कोई 'येलो लाइन' या बफर जोन नहीं है और न ही कभी होगा।" उन्होंने कहा कि हिज्बुल्ला अपनी जमीन को 'वापस पाने और आजाद कराने' के लिए प्रतिबद्ध है।
लेबनानी सरकारी मीडिया के अनुसार, सोमवार को दक्षिण में इज़रायली सेना और हिज्बुल्ला के बीच फिर से भारी जंग छिड़ गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित