चंडीगढ़ , अप्रैल 03 -- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 30 मार्च से बढ़ाकर अब 10 अप्रैल कर दी है। यह जानकारी क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने दी।

उन्होंने बताया कि यह निर्णय उन विद्यार्थियों के हित में लिया गया है, जो किसी कारणवश अब तक किसी कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं ले पाये हैं। इग्नू में स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया फिलहाल जारी है, जो विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक है।

डॉ. धर्मपाल ने कहा कि जो विद्यार्थी पहले से किसी अन्य संस्थान में नियमित (रेगुलर) पाठ्यक्रम कर रहे हैं, वे भी इग्नू से अतिरिक्त डिग्री या डिप्लोमा कोर्स कर सकते हैं। इससे उनके करियर विकल्पों का विस्तार होगा और वे विभिन्न विषयों में गहन ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे।

इग्नू की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक विद्यार्थी अपने एंड्रॉइड फोन या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

यदि किसी विद्यार्थी को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो वे अपने नजदीकी अध्ययन केंद्र या क्षेत्रीय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित