पटना , अप्रैल 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को शनिवार को राज्य में इको टूरिज्म के विकास के लिए समग्र योजना तैयार करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज इको टूरिज्म से संबंधित समीक्षा बैठक की।बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जल संसाधन विभाग, पर्यटन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने इको टूरिज्म के विकास को लेकर अपने-अपने विभाग की कार्य योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य में इको टूरिज्म की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को इसके समग्र विकास के लिए तेजी से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिहार की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों को इको टूरिज्म से जोड़ा जाए।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार को देश-विदेश के पर्यटकों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनाने तथा अध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिये सरकार पूरी तरह प्रयासरत है।उन्होंने निर्देश दिये कि राज्य के जलाशयों के आसपास पीपीपी मॉडल के तहत पर्यटकीय सुविधाएं विकसित की जाएं और इस प्रक्रिया में स्थानीय लोगों के सुझाव भी शामिल किये जाएं।पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुये तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के लिये पर्यटन पैकेज जल्द तैयार करें, जिससे पर्यटक उसका आनंद उठा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित