भिण्ड , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम चैट के आधार पर एक युवक से ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की उसकी साली से पूर्व में इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी, जिसमें निजी और व्यक्तिगत बातें भी शामिल थीं। साली की शादी के बाद युवक ने बातचीत बंद कर दी, लेकिन इसी दौरान दोनों की पुरानी चैट किसी अज्ञात व्यक्ति के हाथ लग गई।
आरोपी ने चैट के स्क्रीनशॉट दिखाकर युवक को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और चैट वायरल करने की धमकी देकर उससे अलग-अलग किश्तों में लगभग एक लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा और अधिक राशि की मांग की जा रही थी।
परेशान होकर युवक ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित