जयपुर , मार्च 09 -- सोलर पैनल मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड (आईएनए सोलर) ने सोमवार को अपने एक रुपये अंकित मूल्य के 22 करोड़ तीन लाख 94 हजार 625 इक्विटी शेयरों को बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध कर लिया।
कंपनी इससे पहले बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध थी और अब उसे बीएसई मेनबोर्ड पर माइग्रेशन तथा एनएसई के कैपिटल मार्केट सेगमेंट (मेनबोर्ड) पर सीधी लिस्टिंग की अंतिम मंजूरी प्राप्त हुई और सोमवार से कंपनी के शेयर दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर कारोबार के लिए उपलब्ध हो गए।
जयपुर में आयोजित समारोह में राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के मुख्य अतिथि, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा विशिष्ट अतिथि तथा एनएसए चीफ मैनेजर जसवंत जैन मौजूद थे। इस अवसर पर श्री नागर ने कहा कि इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड जैसी कंपनियां राजस्थान को सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कंपनी का बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध होना राज्य के औद्योगिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित