धार , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी तहसील में अज्ञात बदमाशों ने हाईवे पर इंदौर के एक परिवार से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार का दरवाजा नहीं खुलने पर पत्थरों और धारदार हथियार से कांच फोड़ दिए और महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम खलघाट के पास यह घटना उस समय हुई जब इंदौर निवासी मनोज गुप्ता अपनी पत्नी संगीता गुप्ता, बेटी आशी गुप्ता और बेटे अथर्व गुप्ता के साथ कार से महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन कर देर रात इंदौर लौट रहे थे।

खलघाट टोल प्लाजा से कुछ आगे बढ़ने पर उनकी कार अचानक बंद हो गई। इसी दौरान खेत की ओर से पांच से छह अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने कार के दरवाजे खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजे नहीं खुलने पर उन्होंने लकड़ी के डंडों, फालिया और पत्थरों से कार के कांच तोड़ दिए।

कांच टूटने से मनोज गुप्ता के हाथ में हल्की चोट आई, जबकि बदमाशों ने कार में बैठी संगीता गुप्ता के गले से सोने की चेन छीन ली, जिससे उनके गले में भी खरोंच आई है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एसडीओपी मोनिका ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित