नयी दिल्ली , मार्च 07 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो रविवार से यूरोप के लिए उड़ानें दोबारा शुरू करेगी।
एयरलाइन ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह मध्य पूर्व में भी आठ शहरों के लिए अपनी उड़ानें जारी रखेगी। यूरोप को जाने वाली उड़ानों में ब्रिटेन की राजधानी लंदन (हीथ्रो हवाई अड्डा), ब्रिटेन के ही मैनचेस्टर और नीदरलैंड की राजधानी एमस्टर्डम की उड़ानें शामिल हैं। ये सभी उड़ानें मुंबई से जायेंगी।
पश्चिम एशिया में वह मस्कट, अबु धाबी, फुजैरा, रस अल खैमा, शारजाह, जेद्दा और मदीना के लिए उड़ानें भरेगी। ये उड़ाने भारत के विभिन्न शहरों के लिए होंगी।
एयर इंडिया ने पहले ही यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए नियमित उड़ानें शुरू कर दी हैं। ये उड़ानें परिवर्तित मार्गों से जा रही हैं ताकि हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों का पालन किया जा सके।
एयर इंडिया की सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस भी जेद्दा और मस्कट के लिए नियमित उड़ानों का परिचालन पहले ही शुरू कर चुकी है।
इसके अलावा, विभिन्न एयरलाइंस पश्चिम एशिया में फंसे यात्रियों के लिए विशेष राहत उड़ानों का भी परिचालन कर रही हैं।
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर 28 फरवरी को किये गये हमले और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से पश्चिम एशिया में भू-राजनैतिक स्थिति काफी बिगड़ गयी है। विमान सेवा कंपनियों ने 28 फरवरी को ही पश्चिमा एशिया को या वहां से होकर जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं। अब भी स्थिति सामान्य नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित