नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो बेंगलुरु से रियाद के लिए 16 नवंबर से उड़ान शुरू करेगी।
एयरलाइंस ने गुरुवार को बताया कि यह उड़ान सप्ताह में पांच दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को रात 10:05 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी। वापसी की उड़ान स्थानीय समय के अनुसार अगले दिन तड़के 2:20 बजे रियाद से रवाना होगी।
इंडिगो के नेटवर्क में जेद्दा के बाद रियाद बेंगलुरु से सीधी उड़ान वाला सऊदी अरब का दूसरा शहर है। एयरलाइंस इस मार्ग पर ए320 विमान का परिचालन करेगी।
इंडिगो के बिक्री प्रमुख विनय मल्होत्रा ने कहा कि सऊदी अरब की राजधानी और व्यापार एवं निवेश के केंद्र के रूप में रियाद इंडिगो के लिए महत्वपूर्ण है। यह इंडिगो की रियाद के लिए चौथी नॉन स्टॉप उड़ान होगी। दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद से रियाद के लिए वह पहले से सेवा दे रही है।
इस नये रूट के लिए बुकिंग शुरू हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित