नयी दिल्ली , दिसंबर 07 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने पिछले दिनों बड़ी संख्या में रद्द उड़ानों के सिलसिले में यात्रियों को 610 करोड़ रुपये की राशि वापस की है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार शाम एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। साथ ही उसने तीन हजार यात्रियों तक उनका समान भी पहुंचा दिया है।
इंडिगो के सूत्रों के अनुसार, रिफंड का काम तेजी से किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो को यात्रियों को पैसा लौटाने के लिए 07 दिसंबर शाम आठ बजे तक का समय दिया था। इसके अलावा उसने इस पूरे संकट के लिए इंडिगो को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
इंडिगो ने रविवार को एक बयान में बताया कि आज आधी रात तक वह 1,650 उड़ानों के माध्यम से अपने 138 गंतव्यों में से 137 तक सेवा शुरू कर देगी।
गत 04 दिसंबर से चार दिन में इंडिगो की करीब चार हजार उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।
मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इंडिगो के प्रदर्शन में "आज लगातार सुधार हुआ है"। उसने बताया कि इंडिगो ने 05 दिसंबर को 706, अगले दिन 06 दिसंबर को 1,565 उड़ानों का परिचालन किया था।
इस बीच मंत्रालय ने इंडिगो संकट के बीच आसमान छूते किराये को नियंत्रित करने के लिए दूरी के हिसाब से अधिकतम किराया तय कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित