नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- पश्चिम एशिया के कई देशों में सैन्य कार्रवाई के मद्देनजर भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने वहां जाने वाली और वहां से आने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने शनिवार को अपनी 89 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है। साथ ही रविवार को भी उसकी 41 उड़ानें रद्द रहेंगी।
एयरलाइंस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में रद्द उड़ानों की सूची का लिंक साझा किया है। इसमें मस्कट, दम्मम, दोहा, दुबई, रस-अल-खैमा, दुबई, कुवैत, अबु धाबी, शारजाह, जेद्दा, इस्तांबुल, बहरीन और मदीना शामिल हैं। इसके अलावा यूरोपीय शहरों मैनचेस्टर (ब्रिटेन) और एम्सटर्डम (नीदरलैंड) को जाने वाली उड़ानें भी रद्द की गयी हैं।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बयान में बताया कि वह स्थिति पर नजदीकी नजर रखे हुए है। ग्राहकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर नोटिफिकेशन भेजे गये हैं।
टाटा समूह की एयर इंडिया ने एक यात्रा परामर्श में बताया कि उसने पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इससे पहले एयर इंडिया की तेल अवीव जा रही उड़ान एआई139 को इजराइल में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण बीच रास्ते से ही दिल्ली के लिए वापस लौटना पड़ा था। एयरलाइन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वह खाड़ी क्षेत्र की अपनी सारी उड़ानें रद्द कर रही है। स्पाइसजेट ने कहा है कि दुबई में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल ने आज सुबह हुई ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई की जिसके बाद ईरान ने भी पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकाने वाले कई देशों में मिसाइल हमले किये हैं। इससे क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति बन गयी है और कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित