नयी दिल्ली , दिसंबर 09 -- इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एलबर्स ने मंगलवार को एयरलाइंस का परिचालन सामान्य होने का दावा करते हुए यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है।
श्री एलबर्स ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा है कि सोमवार को कंपनी ने 1,800 उड़ानों का परिचालन किया था और आज भी 1,800 से अधिक उड़ानों का परिचालन करेगी। उन्होंने बताया कि अब एयरलाइंस की वेबसाइट पर जो भी उड़ानें दिख रही हैं, वे सभी वास्तव में अपने गंतव्य तक जायेंगी।
रोजाना 2,300 उड़ानों के शिड्यूल के साथ कंपनी ने पांच दिसंबर को 1,500 से ज्यादा उड़ानें रद्द की थीं जो देश के विमानन इतिहास में अभूतपूर्व था। शिड्यूल के मुताबिक उड़ानों के परिचालन में विफल रहने के बाद कंपनी इसे बड़े रीबूट की संज्ञा दी थी ताकि वह लंबे समय से जारी देरी और उड़ानें रद्द होने की घटनाओं पर लगाम लगा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित