हरारे , जनवरी 16 -- कैलेब फाल्कनर (66) की अर्धशतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने शुक्रवार को पाकिस्तान की टीम को अंडर-19 विश्वकप के चौथे मैच में 174 के स्कोर पर ढेरकर 37 रनों से जीत दर्ज की।
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने 54 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। समीर मिन्हास (10), मोहम्मद शायान (सात), उस्मान खान (छह) और अहमद हुसैन (12) रन बनाकर आउट हुये। कप्तान फरहान यूसुफ ने पारी को संभालने का प्रयास किया। लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे यूसुफ को छोड़कर पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। फरहमान यूसुफ ने 86 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 65 रनों की पारी खेली।हुजैफा अहसन (17), हमजा जहूर (चार), अब्दुल सुभान (14), उमर जैब (10) रन बनाकर आउट हुये। 47वें ओवर में अली रजा (एक) आखिरी विकेट के रूप में रनआउट हुए।
इंग्लैंड के लिए एलेक्स ग्रीन, जेम्स मिंटो और राल्फी अल्बर्ट ने दो-दो विकेट लिये। मैनी लम्सडेन और फरहान अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने इंग्लैंड की टीम को 46.5 ओवर में 210 के स्कोर पर समेट दिया था। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिये बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सात ओवर में 33 रन जोड़े। अली रजा ने जोसेफ मूर्स को आउट किया। इसके बाद इंग्लैंड बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे जूझते नजर आये और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित