रायसेन , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के थाना सुल्तानगंज अंतर्गत ग्राम मरखंडी में आसमान से मलेशिया का मौसम मापने वाला डिवाइस गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार आज जब आसमान से एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक यंत्र गिरा हुआ मिला तो गांव के समीप खुले क्षेत्र में पड़े इस उपकरण को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तत्काल डायल-100 पर सूचना दी।
सूचना प्राप्त होते ही सुल्तानगंज थाना से आरक्षक गजेंद्र दांगी एवं मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्राथमिक सुरक्षा जांच के बाद संदिग्ध डिवाइस को सावधानीपूर्वक कब्जे में लेकर थाने लाया गया।
थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई गई है कि उक्त यंत्र कोई विस्फोटक या खतरनाक उपकरण नहीं है। जांच में सामने आया कि यह एक रेडियोसॉन्ड है, जिसका उपयोग मौसम विज्ञान में किया जाता है। यह उपकरण मौसम गुब्बारे के माध्यम से ऊंचाई पर भेजा जाता है और तापमान, आर्द्रता व वायुदाब जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां मौसम केंद्रों तक भेजता है। उपकरण पर उपलब्ध विवरण के अनुसार यह मलेशिया मौसम विज्ञान विभाग से संबंधित बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं के कारण यह करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय कर मरखंडी क्षेत्र में आकर गिरा। साथ ही यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि गुब्बारा आसमान में किसी अन्य वस्तु से टकराया हो या किसी पक्षी द्वारा चोंच से गुब्बारे को नुकसान पहुंचाया गया हो, जिससे गुब्बारा फट गया और यंत्र जमीन पर आ गिरा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित