फिरोजाबाद , फरवरी 7 -- जनपद के थाना लाइन पार क्षेत्र स्थित स्वर्ग आश्रम में एक कोठरी में रह रहे वृद्ध साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार रामदास (60) नामक साधु आश्रम की एक कोठरी में अकेले रहते थे। वह शारीरिक रूप से कमजोर थे तथा सांस की बीमारी से ग्रसित होने के कारण पिछले कुछ दिनों से चलने-फिरने में असमर्थ बताए गए हैं।
शनिवार सुबह आश्रम परिसर में लोगों को कोठरी से जलने की दुर्गंध आई। अंदर जाकर देखा गया तो रामदास जली अवस्था में पड़े थे। सूचना पर पहुंची थाना लाइन पार पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि प्राथमिक जांच में प्रतीत होता है कि ठंड से बचने के लिए साधु ने कोठरी में अलाव जलाया था। संभवतः अलाव की चिंगारी से बिस्तर में आग लग गई। शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण वह स्वयं को बचा नहीं सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित