चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- हरियाणा में दीपावली के पावन अवसर पर फरीदाबाद में एक अनूठा और प्रेरणादायक आयोजन के तहत हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की विशिष्ट उपस्थिति में लेबर चौक फरीदाबाद पर 15 फुट ऊंचा आशा दीप प्रज्वलित किया गया।

यह विशाल दीप आशा, सद्भाव और एकता का प्रतीक बनकर पूरे शहर को रोशन कर रहा है।

इस अवसर पर श्री गोयल ने कहा कि दिवाली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा यह पर्व तभी सार्थक होता है, जब हम इसके प्रकाश को समाज के हर कोने तक पहुंचाने का संकल्प लें।

आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों महिलाओं युवाओं और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप जलायें, आशा बढ़ायें के गूंजते नारों ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

विशेष बात यह रही कि यह आशा दीप पुनर्चक्रित घी और तेल के डिब्बों से तैयार किया गया था, जो सांस्कृतिक परंपरा और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।

इस अवसर पर भावपूर्ण भजनों सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हज़ारों दीपों की रोशनी ने प्रेम भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

फरीदाबाद के नागरिकों ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल दिवाली का उत्सव नहीं, बल्कि अमृतकाल की भावना और नए भारत के उदय का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि आशा दीप उन सभी कर्मठ नागरिकों कार्यकर्ताओं और पेशेवरों को समर्पित है जो फरीदाबाद को एक आधुनिक जीवंत और दूरदर्शी शहर बनाने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, " जहां पूरी दुनिया अपने घरों को सजाती है, वहीं हम सब मिलकर अपने शहर को रोशन कर रहे हैं यही फरीदाबाद की पहचान है।

श्री गोयल ने कहा कि अगली दिवाली तक हमारा लक्ष्य है कि फरीदाबाद को बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण और स्मार्ट सेवाओं के क्षेत्र में एक आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित