लखनऊ , जनवरी 16 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आवासीय योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आवासीय योजनाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी होती हैं, इसलिए इसमें देरी जनहित के विपरीत है।

शुक्रवार को लखनऊ के संगम सभागार में नगर विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं की भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शासन की प्राथमिकता हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और कार्यों का परिणाम धरातल पर साफ दिखाई देना चाहिए। समीक्षा के दौरान स्मार्ट सिटी मिशन, गौशाला, डॉग शेल्टर, आकांक्षी नगर योजना, वैश्विक नगरोदय योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, सीएम ग्रिड योजना, स्मार्ट पालिका, पं. दीनदयाल नगरीय विकास योजना सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

नगर विकास मंत्री ने सीएम ग्रिड योजना को निकाय स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। ए. के. शर्मा ने निर्देश दिया कि आवश्यक कार्यों से जुड़ी फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाएं। उन्होंने कहा कि निर्णय प्रक्रिया तेज कर योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित