जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंगलवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर नयी पुलिस चौकियां खोलने पर विचार किया जाएगा।

श्री बेढ़म प्रश्नकाल में विधायक बालमुकुन्दाचार्य के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सघन इलाकों में पुलिस चौकियां खोलने के लिए राज्य सरकार द्वारा सर्वेक्षण कराया गया है और सुभाष चौक थाना वर्तमान में बेहद सीमित जगह पर संचालित है। आस-पास उपयुक्त खाली भूमि उपलब्ध नहींहोने के कारण इसे स्थानान्तरित करने के लिए भूमि चिह्नित नहीं की जा सकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चार दरवाजा बारियों के बाग स्थित खाली जमीन निजी भूमि होने के कारण सुभाष चौक थाना को यहां पर स्थानान्तरित किया जाना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इस जमीन पर पारिवारिक विवाद चल रहा है तथा उच्च न्यायालय की रोक है। न्यायालय के फैसले के बाद ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

श्री बेढ़म ने कहा कि वर्तमान में इस भूमि पर दीवार नहीं है। कुछ पड़ोसियों द्वारा अपने दरवाजे इस भूमि पर खोले गये हैं, जिसके संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार आवासीय भवन सहित पुलिस थाने के लिए पांच हजार वर्ग मीटर तथा आवासीय भवन रहित पुलिस थाने के लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन होनी आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित