नयी दिल्ली , मार्च 26 -- आर्सेलर मित्तल निप्पोन स्टील (एएम/एनएस) इंडिया ने गुरुवार को उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दिलीप ऊमेन (68) की सेवानिवृत्ति और श्री अमित हरलालका की इस पद पर नियुक्ति की घोषणा की।

कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि श्री ऊमेन 30 जून को कंपनी में 22 वर्षों की सेवा (पूर्व में एस्सार स्टील) के बाद सेवानिवृत्त होंगे। वह एएम/एनएस इंडिया के निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे। उन्हें आर्सेलर मित्तल इंडिया में वाइस-चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गयी है, जहां वह भारत में आर्सेलर मित्तल के हितों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

श्री हरलालका वर्तमान में एएम/एनएस इंडिया के मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। वह एक जुलाई को सीईओ के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

वह दिसंबर 2019 में वित्त विभाग से उप निदेशक के रूप में एएम/एनएस इंडिया जुड़े थे और जनवरी 2023 में मुख्य वित्तीय अधिकारी बने। इससे पहले उन्होंने आर्सेलर मित्तल में कई वर्षों तक काम किया, जहाँ उन्होंने मेक्सिको, ज़ेनिका और लक्ज़मबर्ग में विभिन्न पदों पर कंपनी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।

श्री हरलालका ने अपने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान यूनिलीवर से की थी। वह इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, बेंगलुरु से फाइनेंस में एमबीए किया है। उन्हें आर्सेलर मित्तल ग्रुप मैनेजमेंट कमेटी का सदस्य भी नियुक्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित