राजनांदगांव , मई 02 -- छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव के हृदय स्थल पुराने सर्किट हाउस रोड स्थित 'बड़े बाजार' क्षेत्र में शुक्रवार बीती रात चोरों ने पुलिस के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पुराने रेस्ट हाउस रोड पर स्थित अनमोल परिसर में आरसीएम एंटरप्राइज में करीब 12 से 15 लाख रुपये के माल (आईटीसी व अन्य सामग्री) पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

घटना से डरे चेंबर ऑफ कॉमर्स, राजनांदगांव के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने एस पी मैडम की अनुपस्थिति के चलते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौड़ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। वहीं आम जनता का कहना है कि शहर में अपराध निरंकुश हो चुके हैं और पुलिस का खौफ अपराधियों के मन से खत्म हो चुका है।

ज्ञापन में कहा गया है की चोरी की इस बड़ी वारदात की सघन जांच हो और दोषियों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजा जाए। वहीं बड़े बाजार जैसे संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्रों में रात्रि 2:00 बजे के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।

प्रमुख व्यापारिक मार्गों पर पुलिस की विशेष सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।साथ ही व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा हेतु एक प्रभावी 'विशेष सुरक्षा योजना' लागू की जाए।

पुराने सर्किट हाउस रोड के आस पास के रहवासियों ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित परिसर में इतनी बड़ी चोरी होना पुलिस की कार्यक्षमता पर सवालिया निशान लगाता है। इन लोगों का कहना है कि यदि शहर के बीचों-बीच व्यापारिक प्रतिष्ठान सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? शहर के हृदय स्थल कहलाए जाने वाले मानव मंदिर चौक पर गणेश मेडिकल में 2 बार चोरी की घटना हो गई, अफसोस की बात है कि इन दोनों चोरियों का सुराग पुलिस अभी तक नहीं लगा पाई है।

पुलिस का पूरा ध्यान जुवा, शराब और सटोरियों पर ही लगा रहता है जिस पर कभी भी नियंत्रण नहीं पाया जा सकता है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच टीम गठित करने और क्षेत्र में पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित