ऋषिकेश , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड की तीर्थनगरी के आवास विकास क्षेत्र में शुक्रवार को गंगा किनारे स्थित एक आरती स्थल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक सांप दिखाई दिया। आरती में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांप की तांबे जैसी चमक और उसकी अनोखी बनावट के कारण वह लोगों के बीच कौतूहल का विषय भी बना रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग के कर्मचारी कमल राजपूत ने टीम के साथ मिलकर सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी जी.एस. धमन्दा ने बताया कि पकड़ा गया सांप "कॉपरहेड ट्रिंकेट" प्रजाति का है, जिसे स्थानीय भाषा में "वन सुंदरी" के नाम से जाना जाता है। इसकी लंबाई लगभग सात फीट पाई गई।
उन्होंने बताया कि यह सांप जहरीला नहीं होता और सामान्यतः इंसानों के लिए खतरनाक नहीं है लेकिन इसकी फुर्ती और रक्षात्मक स्वभाव के कारण लोग घबरा जाते हैं।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से हटाकर उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित