पटना , फरवरी 13 -- शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में 25 फीसदी आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिये शिक्षा विभाग की ओर से संचालित 'ज्ञानदीप पोर्टल' पर 13 फरवरी तक 26,544 से अधिक बच्चों का पंजीयन हो चुका है।

ज्ञानदीप पोर्टल पर पंजीयन की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित है।

सरकार का उद्देश्य गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों और कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुये आरटीई कानून के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पंजीयन के मामले में गयाजी जिला सबसे आगे है, जहां 8,874 बच्चों ने आवेदन किया है। इसके बाद वैशाली 4,627, पटना 4,454, खगड़िया 3,500, बेगूसराय 3,394, रोहतास 3,382, जहानाबाद 3,150 और समस्तीपुर 3,094 का स्थान है।

मुजफ्फरपुर जिले में 2,705, सीतामढ़ी में 2,481, नवादा में 2,341, सारण में 2,335, दरभंगा में 2,187 और नालंदा 2,114 संख्या में बच्चों ने पंजीयन कराया है।

वहीं सीवान में 1,973, मधुबनी में 1,948, भोजपुर में 1,741, औरंगाबाद में 1,669, जमुई में 1,611, बांका में 1,595, सहरसा में 1,522, पश्चिम चंपारण में 1,440, भागलपुर में 1,387 और मुंगेर में 1,312 का पंजीयन दर्ज किया गया है।

कैमूर में 1,290, लखीसराय में 1,236, पूर्वी चंपारण में 1,159, बक्सर में 1,048, अररिया में 944, मधेपुरा में 937, सुपौल में 917, पूर्णिया में 888, शिवहर में 737, अरवल में 733, कटिहार में 650, शेखपुरा में 415, गोपालगंज में 404 और किशनगंज में 360 आवेदन प्राप्त हुये हैं। किशनगंज जिला सबसे निचले पायदान पर है।

शिक्षा विभाग द्वारा अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिये लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अंतिम तिथि से पहले पंजीयन संख्या में और वृद्धि की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित