रामनगर , फरवरी 12 -- उत्तराखंड में रामनगर के छोई निवासी एवं आरटीआई कार्यकर्ता देव बिष्ट ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरटीआई कार्यकर्ता ने इस संबंध में प्रशासन से शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात लगभग नौ बजे उनके मोबाइल नंबर पर 9758170508 नंबर से कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें न केवल जान से मारने की धमकी दी, बल्कि अभद्र भाषा और गाली-गलौज का भी प्रयोग किया। देव बिष्ट के अनुसार, कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को "तेरा बाप" बताते हुए उन्हें गोली मारने की धमकी दे रहा था और लगातार आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा था। आरटीआई कार्यकर्ता ने बताया कि उन्होंने पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की है, जिसमें कथित तौर पर स्पष्ट रूप से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उनका कहना है कि इस घटना के बाद उनके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित