जयपुर , मार्च 28 -- मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर राज्य सरकार ने राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) को न केवल अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया गया है बल्कि इसके दायरे को काफी विस्तृत किया और इसके तहत पिछले दो वर्ष में 7200 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान अस्पताल एवं फार्मेसी को किया गया है।
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में योजना का दायरा बढ़ाने, भुगतान प्रक्रिया को नियमित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। श्री खींवसर ने बताया कि आरजीएचएस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ पात्र लोगों को मिल सके। इसके लिए इसके दायरे में काफी वृद्धि की गई है। पूर्ववर्ती सरकार के समय योजना में लाभार्थियों की संख्या 12 लाख 35 हजार थी, जो अब बढ़कर 13 लाख 61 हजार हो गई है। इसी प्रकार उपचार पैकेजों की संख्या 2129 से बढ़कर 3367 हो गई है, जिससे अधिक बीमारियों का कवरेज संभव हुआ है।
उन्होंने बताया कि रोगियों को गुणवत्ता पूर्ण उपचार उनके नजदीक के अस्पतालों में मिल सके और अच्छे अस्पताल योजना में शामिल हों। इसके लिए अस्पतालों का नेटवर्क लगातार बढ़ाया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार के समय इस योजना में करीब 1500 अस्पताल संबद्ध थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 1,729 हो गई है। इसी प्रकार फार्मेसियों की संख्या 4266 से बढ़कर 4875 हो गई है, जिससे दवाओं की उपलब्धता अधिक सुलभ हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित