सहारनपुर , मार्च 7 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राष्ट्रीय सह-सरकार्यवाह आलोक कुमार गर्ग देवबंद निवासी मुकेश सिंघल के पुत्र डॉ. सुधांशु सिंघल के विवाह समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उनका स्नेहिल और सहज व्यवहार समारोह में उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

देवबंद के निकट मुजफ्फरनगर स्थित होटल प्लाजा में आयोजित इस विवाह समारोह में आलोक कुमार ने आत्मीयजनों और परिचितों से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की। उन्होंने सभी से सहजता से बातचीत की और लोगों के साथ फोटो खिंचवाने में भी कोई संकोच नहीं किया। लगभग दो घंटे तक वे समारोह में मौजूद रहे और इस दौरान लोगों से आत्मीय संवाद करते रहे।

उल्लेखनीय है कि 1925 में स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेतृत्व में शामिल आलोक कुमार का मूल क्षेत्र मेरठ, बागपत और बड़ौत रहा है। उनका जन्म और प्रारंभिक शिक्षा भी इसी क्षेत्र में हुई। सह-सरकार्यवाह बनने से पहले वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के क्षेत्रीय प्रचारक के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्हें संघ के इस महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विवाह समारोह में कई प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे। इनमें सहारनपुर के पूर्व मंत्री संजय गर्ग, देवबंद के विधायक एवं लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश रावत, देवबंद पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. डी.के. जैन, देवबंद भाजपा अध्यक्ष अरुण गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल, मुजफ्फरनगर के विभाग प्रचारक भूपेंद्र सिंह, वरिष्ठ प्रचारक ईश्वर दयाल, देवबंद के जिला प्रचारक अरविंद शर्मा, नगर संघचालक योगेंद्र कुमार गोयल, वरिष्ठ प्रचारक आशुतोष गुप्ता, आलोक सिंघल, हिमांशु सिंघल, संजय गोयल और आरएसएस के देवबंद क्षेत्र के विस्तारक अनिल प्रेम क्रांति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बताया गया कि आलोक कुमार लंबे समय बाद अपने गृह क्षेत्र में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति से समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित