श्रीगंगानगर , जनवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ (आरईजीसीईयू) के प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद चमोला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रबंध निदेशक डी.सी. श्रृंगी, निदेशक वित्त एम.के. खंडेलवाल और मुख्य कार्मिक अधिकारी आलोक शर्मा से मुलाकात करके उन्हें 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री लालचंद लोहार और गणेश पटेल भी शामिल थे। इस अवसर पर श्री चमोला ने उत्पादन निगम में कार्यरत विद्युत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने एक 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, जिसमें उत्पादन निगम और संयुक्त उपक्रम द्वारा नवनिर्मित भूखंडों का स्वामित्व पूर्णतः राज्य सरकार या उत्पादन निगम के अधीन रखने, स्थाई प्रकृति के कार्यों को ठेके पर न देने, रिक्त पड़े तकनीकी कर्मचारियों के पदों पर नई भर्ती करने सहित कुल 21 मांगें शामिल हैं।
संघ के प्रतिनिधियों ने इन मांगों का न्यायोचित और शीघ्र समाधान करने का अनुरोध किया। इस पर श्री श्रृंगी ने आश्वासन दिया कि इन मांगों का निराकरण यथाशीघ्र किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित