रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र स्थित ग्राम रसनी के एक सॉल्वेंट प्लांट में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरंग पुलिस से आज मिली।जानकारी के अनुसार, नाइट शिफ्ट के दौरान दो मजदूरों के बीच हुए मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक मजदूर पर सहकर्मी के साथ गंभीर और अमानवीय हरकत करने का आरोप लगा है। इस घटना में घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज महासमुंद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना 11 मार्च की रात की बताई जा रही है। प्लांट में काम के दौरान आरोपी मजदूर मोती साहू एयर ब्लोअर मशीन से काम कर रहा था, जबकि दूसरा मजदूर ड्यूटी पर आने से पहले कपड़े बदल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर एयर ब्लोअर मशीन का इस्तेमाल करते हुए पीड़ित के साथ गंभीर हरकत कर दी, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने घायल को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार शरीर के अंदर हवा का अत्यधिक दबाव पहुंचने से उसकी आंतों में सूजन और संक्रमण की स्थिति बन गई है, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इधर मामले की जानकारी मिलने पर आरंग पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी मोती साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत आज हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और प्लांट में कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था व कर्मचारियों के बीच हुए विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित