नयी दिल्ली , फरवरी 13 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने आज पूठ कलां में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
श्री इंद्राज सिंह ने लोकार्पण के उपरांत कहा कि इस आरोग्य मंदिर के शुरू होने से पूठ कलां और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को घर के पास ही सुलभ और निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां जनरल ओपीडी, आवश्यक डायग्नोस्टिक जांच, दवाइयों का वितरण, टीकाकरण, जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थ्य परामर्श और निवारक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नेटवर्क तेजी से मजबूत किया जा रहा है और यह कार्य मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से इन केंद्रों में डायग्नोस्टिक सेवाएं, देखभाल संबंधी गतिविधियां तथा समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित