कीर्तिपुर (नेपाल) , फरवरी 01 -- अर्लीन केली (चार विकेट), लारा मैकब्राइड (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत आयरलैंड की महिला टीम ने रविवार को थाईलैंड पर 62 रनों से जीत दर्ज की। इसी के साथ वह 2026 महिला टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी टीम बन गई है। जून-जुलाई में इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में वह बंगलादेश और नीदरलैंड्स के साथ शामिल हो गई है।

आज यहां क्वालिफायर के आखिरी दिन थाईलैंड के खिलाफ खेलते हुए, आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 121 रन बनाए। थाईलैंड का टूर्नामेंट में बल्ले से सबसे खराब दिन रहा और आयरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे उसकी पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 59 रन पर सिमट गई। आयरलैंड को 62 रनों से जीत दर्ज की। गैबी लुईस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, आयरलैंड की टॉप तीन बल्लेबाजों एमी हंटर (15 गेंदों में 24), लुईस (30 गेंदों में 25), और ओर्ला प्रेंडरगास्ट (22 गेंदों में 24) सभी ने अच्छी शुरुआत की और दसवें ओवर के आखिर तक आयरलैंड का स्कोर 71 रन था। 12वें ओवर तक उसके तीनों अनुभवी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। लुईस लिटिल ने 18 गेंदों में 14 रन बनाए, और जेन मैगुइरे 12 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। थाईलैंड के लिए लेगस्पिनर सुलीपोर्न लाओमी ने 24 रन देकर चार विकेट लिए। सुनीदा चतुरोंगरताना को दो विकेट मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित