बैतूल , जनवरी 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले स्थित मुलताई-नागपुर नेशनल हाईवे पर स्थित खंभारा टोल प्लाजा पर आज आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा।

महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के आयकर अधिकारियों की टीम चार वाहनों में मौके पर पहुंची और टोल संचालन से जुड़े दस्तावेजों व गतिविधियों की जांच शुरू की, जिससे टोल परिसर में हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एस.के. गुप्ता के नेतृत्व में की जा रही है। टीम द्वारा आय-व्यय रिकॉर्ड, टोल वसूली, नकद लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की गहन जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

कार्रवाई के दौरान टोल संचालकों ने आयकर टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल न होने पर आपत्ति जताई, जिस पर कुछ देर तक बहस हुई। हालांकि, अधिकारियों ने वैधानिक प्रक्रिया का हवाला देते हुए जांच जारी रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित