देहरादून , जनवरी 31 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को प्रस्तुत होने वाले देश के आम बजट को आमजन के बीच व्यापक स्वरूप में सुनने जा रही है। इसलिए प्रदेश के पार्टी मुख्यालय से लेकर मंडल स्तर पर 78 स्थानों पर एलईडी के माध्यम से सामूहिक रूप से बजट अभिभाषण देखा एवं सुना जाएगा।

शनिवार को प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि रविवार का दिन प्रदेश और देश के लिए केंद्रीय बजट प्रस्तुतीकरण का बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। पार्टी का प्रयास है कि आम जन को भी भारत सरकार के इस आम बजट से व्यापक स्वरूप में जोड़ा जाए। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर राजधानी देहरादून स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बजट अवलोकन का मुख्य कार्यक्रम होगा। जिसमें पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एलईडी के माध्यम से बजट भाषण का लाइव प्रसारण देखेंगे। इसी तरह विधानसभा एवं मंडल स्तर पर भी कुल 78 स्थानों पर जनता के साथ एलईडी पर बजट सत्र का प्रसारण देखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद आने वाले दिनों में बजट को लेकर पत्रकार वार्ता एवं गोष्ठियों के माध्यम से जन संवाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए पार्टी नेतृत्व की तरफ से प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल को प्रदेश समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित