पटना , अप्रैल 13 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा कि आम जनता को बेहतर एवं आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री कुमार और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आज संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जंदाहा से पटना बस सेवा की शुरुआत की। यह नई बस सेवा क्षेत्र की बड़ी आबादी, विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, मरीजों एवं रोजगार के उद्देश्य से प्रतिदिन पटना आने-जाने वाले नागरिकों को सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुमार ने कहा कि आम जनता को बेहतर एवं आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिवहन विभाग निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिये बड़े पैमाने पर नई बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में इसी माह 149 नई डीलक्स बसें बिहार में शीघ्र आने वाली हैं, जिससे क्षेत्रीय आवागमन को और अधिक गति मिलेगी। इनमें 75 वातानुकूलित बसें शामिल हैं, जो अंतरराज्यीय मार्गों पर चलेंगी, जिससे अन्य राज्यों में रहने वाले बिहार वासियों को, विशेषकर पर्व-त्योहारों के दौरान एवं अन्य पारिवारिक कारणों से आवागमन में सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित