नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान के वार्षिक शीतकालीन सत्र 2026 का उद्घाटन किया। यह अमृत उद्यान तीन फरवरी से 31 मार्च तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

अमृत उद्यान आने वाले आगंतुक यहां 'भीम', 'अर्जुन' और 'मदर टेरेसा' समेत गुलाब की 145 किस्मों को देख सकते हैं। जनता के लिए उद्यान में प्रवेश निःशुल्क है।

उद्यान सप्ताह में छह दिन (मंगलवार से रविवार) पूर्वाह्न 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। प्रवेश करने का अंतिम समय अपराह्न पांच बजे होगा। उद्यान के रखरखाव के कारण प्रत्येक सोमवार तथा होली के अवसर पर चार मार्च को उद्यान बंद रहेगा।

विशेष श्रेणियों के लिए अमृत उद्यान विशिष्ट तिथियों को खोला जाएगा। तीन मार्च को उद्यान विशिष्ट रूप से रक्षा कर्मियों के लिए खुलेगा। इसी तरह से पांच मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए, 10 मार्च को महिलाओं एवं जनजातीय महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए और 13 मार्च को दिव्यांगजनों के लिए उद्यान खुलेगा।

उद्यान में प्रवेश एवं बुकिंग पूर्णतः निःशुल्क होगी। टिकटों की बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। इस वर्ष उद्यान के बाहर ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। किसी भी दिन के लिए बुकिंग उससे एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद कर दी जाएगी। आगंतुकों को टिकट पर उल्लिखित समय-सारिणी एवं निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है।

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 से होगा। आगंतुकों की सुविधा के लिए केन्द्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक हर 30 मिनट में शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी, जो पूर्वाह्न 9.30 बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। अंतिम शटल बस दोपहर चार बजे रवाना होगी।

उद्यान भ्रमण का मार्ग बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद उद्यान, बोन्साई गार्डन, बैबलिंग ब्रूक, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन से होकर गुजरेगा। इस वर्ष ट्यूलिप और विभिन्न किस्मों के गुलाबों के साथ-साथ झरनों वाली बैबलिंग ब्रूक और रिफ्लेक्सोलॉजी पथ युक्त बरगद उद्यान आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

आगंतुक मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, हैंडबैग, पानी की बोतलें तथा शिशुओं के लिए दूध की बोतल साथ ला सकेंगे। मार्ग में पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित