बठिंडा , जनवरी 12 -- पंजाब के बठिंडा में यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) वास्तव में एक आपराधिक पार्टी बन चुकी है। पंजाब में जब से यह पार्टी सत्ता में आई है, तभी से राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दिन-दहाड़े चोरियां, खुलेआम हत्याएं, लूटपाट और डकैतियां आम बात बन चुकी हैं।
श्री झिंझर ने कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सीधे तौर पर जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि आप नेता मनीष सिसोदिया द्वारा दिया गया "साम-दाम-दंड-भेद" वाला बयान इस बात का खुला प्रमाण है कि आप पंजाब में किस तरह की घटिया और जबरदस्ती की राजनीति लागू करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप की सरकार बनने के बाद पंजाब में 100 से अधिक बेअदबी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने केहा कि आप सरकार ने नशे और बेअदबी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सिर्फ राजनीति की है लेकिन पिछले चार वर्षों में विकास या जन-कल्याण का कोई ठोस काम नहीं किया। सरकार केवल विज्ञापनों और खोखले भाषणों तक सीमित रही है।
उन्हाेंने 328 पावन स्वरूपों के मामले पर बोलते हुए स्पष्ट किया कि आयोग की रिपोर्ट के अनुसार यह बेअदबी का मामला नहीं है, बल्कि कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ वित्तीय घोटाला है। पावन सरूप संगतों को दिए गए, लेकिन उनकी बनती भेंट ट्रस्ट फंड में जमा नहीं करवाई गई और न ही बिल काटे गए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा इस मामले में 16 दोषियों के खिलाफ पहले ही विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। यह बेअदबी का नहीं, बल्कि पावन सरूपों के साथ छेड़छाड़ का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन 16 दोषियों में शामिल जसप्रीत सिंह, जिसे एसजीपीसी द्वारा निलंबित किया गया था, को आप ने अमृतसर का जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया लेकिन इस पर किसी भी स्तर पर सवाल नहीं उठाया गया।
श्री झिंजर ने कहा कि मुख्यमंत्री मान सिख संस्थाओं को निशाना बनाकर शिरोमणि अकाली दल और बादल परिवार को बदनाम करने की ओछी साजिशें रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री मान और श्री केजरीवाल नास्तिक हैं, जो ईश्वर के अस्तित्व पर विश्वास नहीं करते।
विशेष जांच टीम (एसआईटी) के गठन पर तीखी टिप्पणी करते हुए यूथ अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की दोबारा उभरती ताकत से घबराई आप सरकार ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में दखल देने के लिए एक पक्षपाती एसआईटी बनाई है। इस एसआईटी का एकमात्र उद्देश्य आप के राजनीतिक एजेंडे के तहत सरदार सुखबीर सिंह बादल को झूठे मामलों में फंसाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी में जानबूझकर ऐसे अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो आप के इशारों पर काम करते हैं और सुखबीर सिंह बादल से निजी रंजिश रखते हैं।
श्री सिसोदिया और श्री केजरीवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में दोनों जेल जा चुके हैं और आज पंजाब को नशा-मुक्त करने की बातें कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा गुरु साहिबानों पर दिए गए विवादित बयान पर बोलते हुए श्री झिंजर ने कहा कि उनके खिलाफ मामला दर्ज होने तक पूरे पंजाब में संघर्ष जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित