रायपुर , मार्च 08 -- छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव एवं अन्य जिलों में आयोजित इन समारोहों में पार्टी की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
प्रदेश कार्यालय से आज (रविवार) मिली जानकारी के अनुसार,प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा, प्रदेश सचिव अनुषा जोसेफ और प्रदेश संयुक्त सचिव कलावती मार्को ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य रूप से भाग लिया। इस दौरान गृहणियों, कामकाजी महिलाओं और युवा छात्राओं को पार्टी की टोपी एवं पटका पहनाकर सम्मानपूर्वक पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। नवसदस्यों ने केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली और पंजाब में संचालित योजनाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी नीतियों की सराहना की।
इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं बदलाव चाहती हैं और वे ईमानदार राजनीति पर भरोसा जता रही हैं। उन्होंने कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति का पार्टी से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि वे बुनियादी सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की राजनीति चाहती हैं।" उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी नई महिला साथियों के आने से व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई और मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित