भोपाल , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देशानुसार लोकतंत्र के महापर्व गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 25 जनवरी से लोकभवन आमजनों के लिए खोला जा रहा है। नागरिक 25 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक निर्धारित समयावधि में लोकभवन का भ्रमण कर सकेंगे।

राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने बताया कि लोकभवन 25 जनवरी एवं 27 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से सायं 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। वहीं 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के दिन लोकभवन भ्रमण का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि लोकभवन भ्रमण के लिए आने वाले नागरिक अपने वाहन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में पार्क कर सकेंगे। लोकभवन में प्रवेश गेट क्रमांक-1 से होगा तथा निकास गेट क्रमांक-4 से किया जाएगा। भ्रमण के दौरान आमजन लोकभवन की ऐतिहासिकता, भव्य सजावट और विभिन्न प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।

डॉ. कोठारी ने बताया कि इस अवसर पर केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा "वीबी-जी रामजी योजना तथा वंदे भारत थीम" पर आधारित विशेष आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। तीनों दिन केन्द्रीय संचार ब्यूरो के सांस्कृतिक दलों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा "राजभवन से लोकभवन" विषय पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकभवन की ऐतिहासिक, लोकतांत्रिक और प्रशासनिक यात्रा को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही इस दौरान लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित